UP Assembly Election : भाजपा की मुलायम सिंह के घर में सेंधमारी, अपर्णा यादव ने थामा कमल का दामन

0

अपर्णा यादव ने दिल्ली के भाजपा दफ्तर में ली पार्टी की सदस्यता, प्रदेश अध्यक्ष व उप मुख्यमंत्री ने दिलाई सदस्यता



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, नई दिल्ली


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के घर में सेंधमारी करने में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कामयाब हुई है। उनकी छोटी बहू अपर्णा यादव ने दिल्ली के भाजपा कार्यालय में जाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्हें भाजपा की सदस्यता उत्तर प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए वह लखनऊ से मंगलवार को दिल्ली पहुंच गई थीं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री और दया शंकर सिंह की मौजूदगी में बुधवार को पार्टी में शामिल हुईं।



प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मैं अपर्णा यादव का हृदय से स्वागत करता हूं। पश्चिम यूपी में चुनाव होने वाला है और सपा (SP) के शासन में गुंडागर्दी को महत्व दिया जाता है कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में कोई बेटी सुरक्षित नहीं थी। अपर्णा को शुरू से लगता था कि योगी सरकार के शासन में अच्छा सुशासन है।




वहीं, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपर्णा यादव के भाजपा (BJP) में शामिल होने का स्वागत है। मुलायम सिंह की पुत्रवधू होने के बावजूद अपर्णा यादव ने बेबाकी से अपने विचार रखे हैं। काफी दिनों की चर्चा के बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला ले ही लिया। पार्टी ज्वाइन करने के बाद अपर्णा ने कहा कि मैं मोदी जी को धन्यवाद करती हूं। मैं हमेशा उनके कार्यों से प्रभावित रही हूं।


इससे पहले दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में अपर्णा यादव को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। फिलहाल उनके लखनऊ से चुनाव लड़ने पर सस्पेंस बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक मुलायम ने सहमति नहीं दी है।


लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ चुकी हैं अपर्णा 


भाजपा में शामिल होने से पहले अपर्णा यादव वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्हें भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। पिछले कुछ दिनों से अपर्णा के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। वह कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं।


मुलायम के छोटे बेटे की हैं पत्नी


अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। वर्ष 2011 में अपर्णा की शादी हुई थी‌। अपर्णा ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशन एंड पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री ली है। अपर्णा और प्रतीक की सगाई वर्ष 2010 में हुई थी। दोनों की शादी दिसंबर 2011 में मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में हुई, दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम प्रथमा है।


अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने का देखें वीडियो



Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top