Up Assembly Election Aam Aadmi Party : उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने जारी की 150 प्रत्याशियों की पहली सूची

0

उत्तर प्रदेश के प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रत्याशियों की घोषणा की


आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी का दावा प्रत्याशियों में डॉक्टर-इंजीनियर भी शामिल


आप उम्मीदवारों में 8 एमबीए, 38 पोस्ट ग्रेज्युएट, 4 डॉक्टर, 8 पीएचडी, 7 इंजीनियर, 8 बीएड, 39 ग्रेजुएट, 6 डिप्लोमा व छह महिलाएं 


अलग-अलग समुदायों को दी बराबरी की हिस्सेदारी, 55 उम्मीदवार ओबीसी, अनुसूचित जाति के 31, 14 मुस्लिम, 6 कायस्थ, 7 व्यापारी, 36 ब्राहमण भी

लखनऊ मध्य से नदीम अशरफ जायसी, लखनऊ पूरब से आलोक सिंह, लखनऊ उत्तर विधानसभा से अमित श्रीवास्तव त्यागी, लखनऊ पश्चिम विधानसभा से राजीव बक्शी, मोहनलालगंज से सूरज कुमार और सरोजनीनगर से रोहित श्रीवास्तव चुनाव मैदान में 



अरुण कुमार'टीटू', लखनऊ


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) प्रदेश की 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। रविवार को प्रेसवार्ता में आप के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने 150 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी साथ रहे। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बदलाव के लिए राजनीति की गंदगी पर झाडू चलाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसानी को राजनीति के केन्द्र में मुद्दे के रूप में लाने के लिए आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 


उन्होंने कहा कि पार्टी ने अच्छे और सुयोग्य उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार रही है। पहली सूची में शिक्षित, पेशे से डॉक्टर और इंजीनियरों के नाम हैं। इनमें से लगभग 150 सीटों पर प्रत्याशियों का चयन अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में किया गया है। आप की पहली सूची जारी की जा रही है, अन्य नामों की घोषणा जल्द की जाएगी। 


आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि 150 उम्मीदवारों में शिक्षित, योग्य और अच्छे उम्मीदवारों का चयन करने का पूरा प्रयास हम लोगों ने किया है। पहली लिस्ट में एमबीए की शिक्षा प्राप्त कर चुके 8 उम्मीदवार हैं। पोस्ट ग्रेजुएट 38 हैं। डॉक्टर 4, पीएचडी 8, इंजीनियर 7, बीएड 8 हैं, ग्रेजुएट 39 और डिप्लोमा 6 हैं। आप की पहली सूची अच्छे और सुयोग्य उम्मीदवारों की है, जिसमें तमाम डिग्रियां हासिल कर चुके लोग उतारे हैं। पहली सूची में आठ महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। 


लखनऊ की 07 सीटों पर आप लड़ेगी चुनाव


प्रदेश की राजधानी लखनऊ की सभी सीटों पर आप ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। लखनऊ मध्य से नदीम अशरफ जायसी, लखनऊ पूरब से आलोक सिंह, लखनऊ उत्तर विधानसभा से अमित श्रीवास्तव त्यागी, लखनऊ पश्चिम विधानसभा से राजीव बक्शी, मोहनलालगंज से सूरज कुमार और सरोजनीनगर से रोहित श्रीवास्तव को चुनाव मैदान में उतारा है। 


नोयडा से पंकज अवाना और सिराथू से विष्णु कुमार जायसवाल 


आप ने भाजपा के वर्तमान विधायक पंकज सिंह के खिलाफ नोयडा से पंकज अवाना और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ सिराथू से आप ने विष्णु कुमार जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है। शाहजहांपुर में सुरेश खन्ना के खिलाफ राजीव यादव और शामली के थाना भवन से अरविंद देशवाल को उम्मीदवार बनाया है। अयोध्या के गोसाईगंज से आलोक द्विवेदी, अयोध्या के मिल्कीपुर से हर्षवर्द्धन और अयोध्या की रुदौली विधानसभा से मनोज कुमार मिश्र आप के उम्मीदवार बनाए गए हैं।



आप ने इन्हें बनाया उम्मीदवार


आगरा कैंट से प्रेम सिंह जाटव, आगरा नार्थ से कपिल बाजपेई, आगरा ग्रामीण से केशव कुमार निगम और आगरा साउथ से रमजान अब्बास को टिकट दिया है। आजमगढ़ की गोपालपुर सीट से इंजीनियर सुनील कुमार यादव, बागपत से नवीन चौधरी, बरेली से कृष्णा भारद्वाज, बिजनौर से विनीत शर्मा, बुलंदशहर से विकास शर्मा, खुर्जा से जयदेव निरंकारी, वाराणसी साउथ से अजीत सिंह, वाराणसी नार्थ से डॉ आशीष जायसवाल, रोहनिया विधानसभा से पल्लवी वर्मा और वाराणसी की ही पिंडरा विधानसभा से अमर सिंह पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। शामिली से बिजेन्द्र मलिक को मौका दिया गया है। 



संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पिछड़े वर्ग की बात करें तो 55 ओबीसी से, अनुसूचित जाति के 31 उम्मीदवार अनुसूचित जाति से हैं। 14 उम्मीदवार अल्पसंख्यक हैं। कायस्थ 6, व्यापारी 7, ब्राहमण 36 हैं। अलग-अलग समुदाय के लोगों का मौका दिया गया है।


युवाओं ने रोजगार मांगा तो मां-बहन की गालियां और लाठियां मिलीं : संजय सिंह


आप के संजय सिंह ने कहा कि पिछले पांच साल से सत्ता पर काबिज भाजपा है, उसने प्रदेश को पीछे ढकेलने का काम किया। ऐसी सरकार आदित्यनाथ जी की रही, जिसमें नौजवानों ने रोजगार मांगने निकला तो उन्हें मां-बहन की गालियां दी गई। लाठियों से पीटा गया। शिक्षा मित्र, सुहागिन महिलाओं को अपना सिर मुंडवाकर प्रदर्शन करना पड़ा। गरीब की बेटी को हाथरस में रात दो बजे जला दिया गया। अरुण वाल्मीकि को थाने में मार दिया गया। लालगंज के रिक्शेवाले मोहित कुमार को पुलिस ने पीट-पीट कर मार दिया। मनीष गुप्ता के मामले में पीट-पीट कर मार दिया गया। सीबीआई की रिपोर्ट में वो ही दोषी ठहराये गए हैं। उत्तर प्रदेश में अन्याय की पराकाष्ठा है। आजादी के बाद शायद किसी ने इसकी परिकल्पना नहीं की, जहां गृह राज्यमंत्री की गाड़ी से कुचलकर चार किसान और एक पत्रकार मार दिए गए।


प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर 


उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान घोटाला, कस्तूरबा के विद्यालय में बच्चियों के खाने के नाम पर घोटाला, बेसिक शिक्षा मंत्री के जमीन खरीद का घोटाला, घोटालों पर घोटाला। नए उद्योग लगाने के नाम पर सरकार ने जो किया सबने देखा है। किसानों के फसल के दाम, उनका कर्ज माफ करने के नाम पर अन्न दाताओं को अपमानित किया गया। उन्हें दो रुपये, पांच रुपये तक माफी के चेक पकड़ाकर अपमानित किया गया। एक साल तक अन्नदाता किसानों को मवाली, गुंडा माफिया कहा गया। हम लोगों का मानना है कि घोषणापत्र हमारी गांरटी है इसलिए हमने इसे गारंटी पत्र नाम दिया है। उसके लिए टीम बनाई है और जनता के जो सुझाव आएंगे उसके आधार पर घोषणा पत्र सामने लेकर आएंगे। पांच हजार रुपये बेरोजगारों को, 10 लाख नौकरियां इसके अलावा 18 साल से ऊपर की महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा कर चुके हैं। साथ ही 300 यूनिट बिजली भी फ्री देंगे।  



योगी जी को डर कर गोरखपुर भागना पड़ा 


आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि योगी जी को गोरखपुर से लड़ाया जरूर जा रहा है लेकिन उनकी चर्चा अयोध्या से चुनाव लड़ने की थी। मुझे लगता है कि उनकी पार्टी के लोगों ने प्रभु श्री राम के मंदिर के चंदे में इतना बड़ा घोटाला कर दिया है कि वो डर गये हैं। वहां से चुनाव लड़ने में उनको डर था कि चंदा चोरी के कारण वो चुनाव अयोध्या से हार सकते हैं। उनकी पार्टीके लोगों को ऐसा नहीं करना चाहिये था। उनकी पार्टी के लोग ऐसा करेंगे तो योगी जी को गोरखपुर भागना ही पड़ेगा। आप की नीतियां जनता को अच्छी लग रही हैं। इसका परिणाम था किस 40 लाख वोट हमें जिला पंचायत के चुनाव में मिले। 83 हमारे जिला पंचायत की सीट जीत कर आईं। हम जनता के लिए लड़ रहे हैं। हमारी स्वीकारिता पूरे देश में बन रही है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top