BJP is certain to leave power from Uttar Pradesh, Congress will be the alternative : राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा-उत्तर प्रदेश से भाजपा का जाना तय, कांग्रेस बनेगी विकल्प

0

  • सम्भल के ऐचोड़ा कम्बोह में आयोजित कल्कि महोत्सव में शामिल होने आए थे राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता से बातचीत




प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, सम्भल


जिले के ऐचोड़ा कम्बोह में आयोजित कल्कि महोत्सव में शामिल होने राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सचिन पायलट मंगलवार देर शाम यहां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से उत्तर प्रदेश की सियासत पर खुलकर बात की। पायलट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि बिजली, शिक्षा, विकास की बात नहीं करते हैंं, धर्म की बात करते हैं। भाषण ऐसा देते हैं जिससे लोगों में हीन भावना पैदा हो, लेकिन अब लोग उन्हें समझ चुके हैं। अब भाजपा की सरकार जानी तय है। प्रदेश में कांग्रेस ही विकल्प बनेगी।


पायलट ने कहा कि गोरखपुर और वाराणसी में प्रियंका गांधी की रैली में जुटी भीड़ का हर व्यक्ति महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी से परेशान था। कांग्रेस भाजपा का विकल्प है और विधानसभा वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव के परिणाम चौकाने वाले होंगे। भाजपा जाति धर्म के नाम पर वोट लेने का प्रयास करती है जबकि कांग्रेस काम कर रही है।


प्रदेश में जब भी कोई घटना होती है तो कांग्रेस सबसे पहले उन लोगों को न्याय दिलाने के लिए आगे आती है। प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद ऐसा कोई मापदंड नहीं है जो दोनों सरकारें गर्व से कह सकें कि हमने कुछ हासिल किया है। किसानों की आमदनी दोगुनी करने की बात करते थे लेकिन, एक साल से किसान आंदोलन कर रहे हैं। अब तक 600 से अधिक किसानों की मौत हो चुकी है। उसके बाद भी सरकार उनकी बातें नहीं सुन रही है। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी बात मनवाने के लिए अड़े हुए हैं।



सचिन पायलट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा की बात करके सत्ता में आए थे, लेकिन आज चीन और पाकिस्तान आंख दिखा रहे हैं। ऐसे कई राज्य हैं जहां पर हमें काम करने की जरूरत है, उनमें एक उत्तर प्रदेश भी है। उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के कई प्रधानमंत्री आए हैं। कई राज्यों में कमजोर प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि यह बात सच है कि हमें जितना मजबूत होना चाहिए था हम उतने मजबूत नहीं हैं।


उन्होंने कहा कि मेहनत और सच्चाई से काम करना हमारा मकसद है। परिणाम देना जनता के हाथ में है। पिछली सरकारों को दोष देकर सरकार नहीं चल सकती है। लोगों में आपसी प्रेम रहना चाहिए। सभी लोग भाईचारे से रहें, लेकिन उस भावना को अब ठेस पहुंच रही है। केंद्र सरकार को अभी तेल के दामों में और कमी लानी चाहिए।


उन्होंने कहा कि राफेल घोटाले की सच्चाई बहुत जल्द लोगों के सामने आएगी। किस तरह कानून को हाथ में लिया जाता है कि उसका उदाहरण लखीमपुर खीरी कांड है। जिस तरह सोमवार को कोर्ट ने प्रदेश सरकार के खिलाफ टिप्पणी की है वह बहुत बड़ा संदेश दिया है कि मनमानी और जिद चलेगी नहीं, संविधान और कानून सभी के लिए बराबर और कोई व्यक्ति बड़े पद पर बैठकर कानून से खिलवाड़ करे, यह कोई स्वीकार नहीं करेगा।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top