Noida Police : 44 मिनट का सफर 14 मिनट में तय कर पहुंचाया लिवर, महिला की जान बचाई

0

  • नोएडा पुलिस का मानवीय चेहरा , ग्रीन कोरिडोर बनाकर ब्रेन डेड मरीज का समय से लिवर पहुंचाने में कामयाब



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, नोएडा


गौतमबुद्ध नगर पुलिस (NOIDA POLICE) के महिला की जान बचाने के लिए मानवता की मिसाल पेश की है। नोएडा पुलिस ने 44 मिनट का सफर 14 मिनट में तय करने के लिए ग्रीन कारिडोर बनाया गया। उसके बाद दिल्ली के गंगाराम अस्पताल से नोएडा के सेक्टर 128 स्थित जेपी हॉस्पिटल (JAYPEE HOSPITAL) में ब्रेन डेड व्यक्ति का लिवर पहुंचाया गया, जिससे महिला की जान बचाई जा सकी।


महिला के परिजनों ने दी पुलिस को सूचना


गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी ट्रैफिक गणेश साह ने बताया कि नोएडा पुलिस को सूचना मिली कि जेपी अस्पताल में 36 वर्षीय महिला का लिवर ट्रांसप्लांट होना है। यह लिवर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल से आएगा। यह सूचना महिला के परिजनों ने दी थी। उसके बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए यह मानवीय कार्य किया है।


डेड ब्रेन व्यक्ति का लिवर ट्रांसप्लांट


दरअसल, नोएडा के जेपी अस्पताल में इलाज करवा रही 36 वर्षीय महिला का लिवर डैमेज हो गया था। महिला के परिजनों ने काफी मेहनत के बाद एक 30 वर्षीय डोनेटर का लिवर ढूंढा था। इस 30 वर्षीय व्यक्ति का ब्रेन डेड हो चुका था, जिस वजह से उसके परिजन लिवर डोनेट करने के लिए राजी हो गए थे।


सामने आ सकती थी बड़ी दिक्कत


जेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने पीड़ित महिला के परिजनों को बताया कि लिवर जल्द से जल्द महिला में ट्रांसप्लांट होना चाहिए। ऐसा नहीं होने पर बड़ी दिक्कत आ सकती है। दिल्ली के गंगाराम अस्पताल से नोएडा के जेपी अस्पताल तक का सफर 44 मिनट का है। ऐसे में पीड़ित परिजनों ने नोएडा पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी।


दो दर्जन पुलिसकर्मियों ने राह बनाई सुगम


डीसीपी गणेश साह ने बताया कि महिला के परिजनों की मदद के लिए नोएडा पुलिस ने एक ग्रीन कोरिडोर बनाया। इसमें दो दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए, जिन्होंने राह को सुगम बनाया। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 44 मिनट का सफर 14 मिनट में तय किया जा सका। दोनों अस्पताल के डॉक्टरों और महिला के परिजनों ने नोएडा पुलिस का आभार जताया है।


पहले भी पुलिस ने की ऐसी मदद


यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी काफी बार नोएडा पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आ चुका है। पहले भी ग्रीन कोरिडोर बनाकर लोगों की जान बचाई गई है। गणेशा का कहना है कि नोएडा पुलिस हमेशा आम लोगों की सेवा के लिए तत्पर है। किसी भी व्यक्ति को अगर कोई दिक्कत है तो वह तत्काल नोएडा पुलिस से संपर्क कर सकता है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top