Lucknow Cooperative society Election : हाफेड प्रबंध समिति में सहकार भारती का दबदबा

0

  • सभापति, उपसभापति व दो सदस्य पदों पर सहकार भारती के पदाधिकारी 
  • संगठन ने प्रदेश कार्यालय में स्वागत समारोह आयोजित कर दीं शुभकामनाएं


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ

उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) की प्रबंध समिति में सहकार भारती उत्तर प्रदेश का दबदबा कायम रहा है। सभापति, उपसभापति एवं दो सदस्य पदों पर सहकार भारती के पदाधिकारी विजयी रहे हैं। सहकार भारती के कार्यकर्ताओं ने दारुल शफा स्थित सहकार भारती के प्रदेश कार्यालय में हाफेड के नये पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्हें बधाई देते हुए संस्था की सफलता पर खुशी जताई है।



हाफेड की पिछली प्रबंध समिति का कार्यकाल 11 जनवरी को समाप्त हो गया था। हाफेड की अंतरिम प्रबंधन समिति में सहकार भारती के विजय कुमार पाण्डेय (आजमगढ़), श्रीमती शारदा सिंह (अमरोहा), विजय सिंह (लखनऊ) और संजय कुमार सिंह (गाजीपुर) के अलावा जितेन्द्र सिंह (कुशीनगर), परदेशी कनौजिया (वाराणसी), श्रीमती डिम्पल गौड़ (बरेली) संचालक मंडल के सदस्य नामित किए गए। इनके मध्य सभापति और उपसभापति पदों के लिए चुनाव बीते दिनों संपन्न हुए। इसमें सहकार भारती के विजय सिंह अध्यक्ष एवं श्रीमती शारदा सिंह उपाध्यक्ष चुने गये। सहकार भारती के चार पदाधिकारियों के हाफेड की प्रबंध समिति में चुने जाने पर शुक्रवार को संगठन की ओर से उनका स्वागत किया गया।



सहकार भारती उत्तर प्रदेश के दारुल शफा स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में हाफेड प्रबंध समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह एवं सदस्यों विजय कुमार पाण्डेय, संजय कुमार सिंह तथा श्रीमती डिम्पल गौड़ का माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष रमाशंकर जायसवाल, प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रवीण सिंह जादौन, क्षेत्रीय संगठन मंत्री लक्ष्मण पात्र समेत राजेंद्र सिंह, जीत सिंह सिरोही, द्वारिका गुप्ता, उपेंद्र सिंह राजावत, कृष्ण कुमार ओझा उपस्थित थे। 

उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हाफेड) राज्य स्तरीय शीर्ष संस्था है। इसकी उत्तर प्रदेश में 968 औद्यानिक सहकारी विपणन समितियाँ है। इन खाद, बीज, बागवानी, नर्सरी, खाद प्रसंस्करण की इकाइयों के माध्यम से प्रदेश के किसानों का आलू व आम देश के अन्य प्रदेशों समेत दूसरे देशों में भी भेजा जा रहा है। संगठन पदाधिकारियों के हाफेड के प्रबंध समिति में चुने जाने पर सहकार भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन प्रमुख राज दत्त पाण्डेय, प्रदेश सह संगठन प्रमुख गजेन्द्र अवस्थी व शिवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रचार प्रमुख सचिन शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र स्वरूप वर्मा, वीरेन्द्र पाण्डेय, सुमन शुक्ला, विजय गुप्ता व आर.पी. सिंह बघेल और प्रदेश मंत्री नीलम प्रजापति ने हर्ष जताया है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top