UP CM Yogi Adityanath : मुख्यमंत्री योगी बोले- दुश्मन के ठिकानों को ध्वस्त करेंगे बुन्देलखण्ड के फाइटर विमान

0

  • सूबे के मुखिया ने झांसी मण्डल को दी 1,700 करोड़ की योजनाएं
  • विपक्षी दलों का नाम लिए बगैर रहे हमलावर, कहा- पिछली सरकारों ने परिवार के लिए प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, झांसी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी मण्डल को 1700 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिफेंस कॉरिडोर की उपलब्धि को महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य से जोड़ते हुए  युवाओं के हौंसले बुलंद किए। उन्होंने कहा कि जब बुन्देलखण्ड में बनने वाले फाइटर विमान दुश्मनों के ठिकानों को ध्वस्त करेंगे तो झांसी के नौजवान का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 31 मिनट के सम्बोधन में बगैर किसी राजनैतिक दल का नाम लिए सियासी दलों पर हमलावर रहे। हालांकि इस दौरान भी उनका फोकस विकास योजनाओं पर ही रहा। 


हर घर जल योजना के माध्यम से पिछली सरकारों को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुन्देलखण्ड के हर घर तक पानी पहुंचाने का जो काम आजादी के 5 वर्ष में हो जाना चाहिए था, उसे भाजपा की सरकार को 70 साल बाद करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, लेकिन पिछली सरकारों ने प्राकृतिक संसाधनों का परिवार के लिए दोहन किया, जिससे यहां का विकास थम गया। 


वर्ष 2014 में प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्र की सत्ता संभाली तो बुन्देलखण्ड की चिन्ता की। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद 4 साल में इस भू-भाग की दशा और दिशा बदल गई है। अब यह सम्भावनाओं का बुन्देलखण्ड बन गया है।


डिफेंस कॉरिडोर का केन्द्र झांसी है। यहां बनने वाली तोप, बन्दूक और फाइटर विमान जब गरजेंगे और झांसी का नौजवान जब दुश्मन की छाती को रौंदता हुआ दिखाई देगा तो झांसी का शौर्य और पराक्रम रानी लक्ष्मीबाई के रूप में तेज और ओझ एक बार फिर दुनिया देखेगी। 


इससे पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए। जनसभा समाप्त होने के बाद वह बबीना ब्लॉक के ग्राम बुढ़पुरा गए तथा हर घर जल योजना का निरीक्षण किया। शाम को मण्डलीय समीक्षा बैठक में योजनाओं की टोह ली तो पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की नब्ज भी टटोली। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। 


#cm#yogi#up#jhansi#bjp#bundelkhand#congress#samajwatiparty

किसानों की खुशहाली से विदेशी जूठन खाने वालों के पेट में दर्द

कृषि कानून के विरोध में चल रहे आन्दोलन को आड़े हाथ लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को गुमराह करने का काम किया गया। सरकार न एमएसपी खत्म करने जा रही है और न मण्डी। किसी किसान की एक इंच जमीन भी नहीं गई। जो लोग खेती की एबीसीडी भी नहीं जानते-वह कृषि कानून पर टिप्पणी कर रहे हैं। किसान खुशहाल है तो विदेशों की जूठन पर पलने वालों के पेट में दर्द हो रहा है। ऐसे लोगों के पेट का उपचार करने की आवश्यकता है, जो सरकार करेगी। 


#cm#yogi#up#jhansi#bjp#bundelkhand#congress#samajwatiparty

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले-कांग्रेस दे रही प्रदेश के गुण्डों को शरण

प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए सरकार की योजनाएं गिनाईं तो सपा व कांग्रेस को आइना दिखाया। पूर्ववर्ती सपा सरकार को घेरते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले गुण्डे सरेआम एके-47 लेकर घूमते थे, लेकिन अब कानून व्यवस्था बदल गई है। प्रदेश के गुण्डों और उनकी सम्पत्ति पर योगी का ऐसा बुलडोजर चला है कि वह भागते फिर रहे हैं। हिस्ट्रीशीटर मुख्तार अंसारी का नाम लिए बगैर पंजाब की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां की सरकार प्रदेश के गुण्डों को शरण दे रही है। भ्रष्टाचार में डूबे कांग्रेसी और राहुल गांधी अब गुण्डों-बदमाशों को शरण दे रहे हैं।


#cm#yogi#up#jhansi#bjp#bundelkhand#congress#samajwatiparty

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top