Sad News : बागपत के पूर्व मंत्री लक्ष्मण सिंह का निधन

0

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, मुज़फ्फरनगर

बागपत के बावली गांव निवासी उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व अर्थ एवं सांख्यिकी मंत्री लक्ष्मण सिंह का बुधवार को निधन हो गया। 86 वर्षीय पूर्व मंत्री लक्ष्मण सिंह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। 


उत्तर प्रदेश की जनता पार्टी सरकार में राम नरेश यादव मंत्रिमंडल में मंत्री रहे लक्ष्मण सिंह एवं वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मण सिंह मूल रूप से  बागपत जिले के रहने वाले थे। वह लंबे समय से मुजफ्फरनगर जिले में ही अपना घर बना कर रहे रहे थे। उन्होंने शहर के जाट कालोनी स्थित अपने आवास पर बुधवार सुबह अंतिम सांस ली। उनके परिवारीजनों के मुताबिक वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज शाम ही करने की तैयारी चल रही है। उनकी पत्नी का निधन कुछ साल पहले ही हो गया था। 


पूर्व मंत्री लक्ष्मण सिंह के तीन पुत्र हैं जो व्यापार के सिलसिले में बाहर ही रहते हैं। निधन की सूचना मिलने के बाद उनके तीनों पुत्र अपने-अपने परिवार  के साथ मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके यहां पहुंचते ही दाह संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


वर्ष 1977 में लक्ष्मण सिंह खतौली विधानसभा सीट से जनता पार्टी के टिकट पर विजयी हाेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे थे। उन्हें वर्ष 1977 में ही उत्तर प्रदेश की राम नरेश यादव की सरकार में अर्थ एवं सांख्यिकी मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने बाखूबी अपने दायित्व का निर्वहन किया था। अच्छे नेता और अधिवक्ता के रूप में उनकी पहचान थी।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top