Khas Khabar बुलेट ट्रेन : चार घंटे में दिल्ली से बनारस का सफर

0

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, नई दिल्ली


ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो आने वाले 6 साल में दिल्ली से वाराणसी तक का सफर सिर्फ 4 घंटे में पूरा हो सकेगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। दिल्ली से वाराणसी के बीच बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। यह जानकारी नेशनल हाई स्पीड रेल कारखाना लिमिटेड ने यमुना अथॉरिटी के अफसरों को दी है।


ढाई घंटे में पूरा होगा लखनऊ का सफर 


वर्ष 2026 तक इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ट्रेन से मात्र 54 मिनट में दिल्ली से आगरा तक का सफर तय कर सकेंगे। यह ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से चलेगी। इस ट्रेन से लखनऊ जाने में भी सहूलियत होगी। अभी लखनऊ का सफर तय करने में 6 घंटे का समय लगता है, जबकि इस ट्रेन से महज ढाई घंटे में लखनऊ तक का सफर पूरा किया जा सकेगा।


यहां-यहां होंगे स्टॉपेज


सराय काले खां से खुलने के बाद इस ट्रेन का पहला स्टॉपेज नोएडा होगा। नोएडा के सेक्टर 148 के आसपास स्टेशन बनाने की तैयारी है। नोएडा तक का सफर मात्र 10 मिनट में पूरा करेगी। इसके बाद दूसरा ठहराव जेवर एयरपोर्ट के टर्मिनल नंबर 1 पर होगा। दिल्ली से इसकी दूरी 62.5 किलोमीटर है। नोएडा और जेवर के बाद तीसरा स्टॉपेज मथुरा में होगा।


इन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी


मथुरा के बाद यह ट्रेन आगरा, कन्नौज, लखनऊ, रायबरेली, इटावा, प्रयागराज, भदोही होते हुए बनारस तक पहुंचेगी। यह ट्रेन दिल्ली से आगरा 54 मिनट में पहुंचेगी। बनारस पहुंचने में इसे चार घंटे लगेंगे। दिल्ली से बनारस का सफर 816 किलोमीटर लंबा होगा।


तीन चरण में ट्रैक का निर्माण


इस हाई स्पीड बुलेट ट्रेन के संचालन की तैयारी शुरू है। इसके ट्रैक का निर्माण तीन चरणों में होगा। पहले चरण में दिल्ली से आगरा, दूसरे चरण में आगरा से लखनऊ और तीसरे चरण में लखनऊ से बनारस तक का ट्रैक बनेगा। इस परियोजना को पूरा करने के लिए वर्ष 2026 तक का लक्ष्य रखा गया है। यह ट्रेन 300 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी।


Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top