Breaking News : बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह के बिगड़े बोल, कहा- लड़कियों के संस्कारित न होने से रेप की घटनाएं

0

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, बलिया


प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर बवंडर उठ गया है। हाथरस की घटना को लेकर विपक्ष प्रदेश सरकार को घेरने में जुटा है। इस हंगामे के बीच उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह के बोल बिगड़ गए हैं। 


उनका कहना है कि प्रदेश में बढ़ती रेप की घटनाओं का कारण लड़कियों का संस्कारित नहीं होना है। उनका कहना है कि सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी जवान बेटियों को संस्कारित वातावरण में रहने, चलने और एक शालीन व्यवहार करने का तरीका सिखाएं। ऐसी घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं। शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं।



बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह से एक पत्रकार ने सवाल पूछा था कि- कहा जाता है कि प्रदेश में रामराज्य चल रहा है। फिर भी राज्य में रेप जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इसका आखिर क्या कारण है? सवाल का जवाब देते हुए विधायक सिंह ने कहा कि मैं विधायक के साथ-साथ एक शिक्षक भी हूं। यह घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं।


विधायक ने कहा कि सभी पिता और माता का धर्म है कि अपनी बेटी को संस्कारवान बनाएं। उन्हें रहने, चलने-फिरने और पहनावे का तौर तरीका सिखाएं। उन्हें शालीन व्यवहार भी सिखाएं। यह सबका धर्म है, मेरा भी धर्म है, सरकार का भी धर्म और परिवार का भी धर्म है। जहां सरकार का धर्म रक्षा करने का है, वहीं परिवार का धर्म है कि बच्चों में संस्कार डाले। सरकार और संस्कार मिलकर देश को सुंदर रूप दे सकते हैं। दूसरा कोई सामने आने वाला नहीं है। 

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top