विकास के कार्य दिखने चाहिए : मुख्यमंत्री

0

अलीगढ़ हार्डवेयर का हब, रोजगार की असीम संभावनाएं : योगी

  • मुख्यमंत्री ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अलीगढ़ मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की
  • राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए विधायकों-सांसद ने जताया आभार


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को पूरी तत्परता के साथ पूरे किए जाएं। शासन की नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करें। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, टाइमलाइन और मानक का पूरा ध्यान रखें। मुख्यमंत्री मंगलवार को अलीगढ़ मंडल में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ में प्रस्तावित राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना को शासन की शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े कोई भी प्रस्ताव लंबित न रखे जाएं। मुख्यमंत्री ने राजा महेंद्र प्रताप के सामाजिक अवदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय इतिहास के एक विशिष्ट नायक के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन है। अलीगढ़ के मंडलायुक्त एवं जनपद अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा के जिलाधिकारियों से जनपदों में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति ली। 



लापरवाही पर तय की जाएगी जवाबदेही 


मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राज्य सरकार विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की जनता को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरते जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।


निर्णय लेने में अनावश्यक देरी न करें अधिकारी


मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता आवश्यक है। इसलिए इससे जुड़े प्रकरणों में तत्काल निर्णय लेते हुए समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लम्बित प्रस्ताव को तत्काल स्वीकृत किया जाए। जिलाधिकारियों को स्थानीय आवश्यकताओं के दृष्टिगत त्वरित निर्णय लें। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर कहा कि हर कार्य की टाइमलाइन तय की जाए। निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण होने पर लागत में कमी आती है।


जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर कार्य करें


मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सभी विकास कार्यों के साथ जनप्रतिनिधियों की संबद्धता अवश्य रहे। कोई भी प्रशासकीय अधिकारी शिलान्यास अथवा लोकार्पण न करे, यह समस्त कार्य जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पटल पर 03 दिन से अधिक पत्रावली लम्बित न रहे। मुख्यालय में पत्रावलियां 7 दिन से अधिक लम्बित न रहें। देरी पर जवाबदेही तय की जाएगी।


पर्यटन विकास की नवीन संभावनाओं की करें तलाश


मुख्यमंत्री ने कहा कि कासगंज जिले के प्रसिद्ध सोरों क्षेत्र के लिए पर्यटन विकास की ठोस कार्ययोजना बनाएं। यह क्षेत्र को पहचान देगा अौर रोजगार सृजित करेगा। मुख्यमंत्री ने ओडीओपी उत्पादों की ब्रांडिंग के लिए नियोजित भाव से कार्य करने पर भी जोर दिया। कहा, अलीगढ़ हार्डवेयर का हब है, यहां रोजगार की असीम संभावनाएं हैं। 


सड़कों की गड्ढा मुक्ति का प्रारंभ करें अभियान


जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़कों के सुदृढ़ीकरण की मांग पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बरसात समाप्त हो चुकी है, सड़कों की गड्ढा मुक्ति का अभियान प्रारंभ करें। अलीगढ़ स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता देते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ में पठन-पाठन प्रारम्भ करने का लक्ष्य भी दिया।


एटा जिले में नगर सीवरेज योजना और अलीगढ़ पुनर्गठन पेयजल योजना को मार्च 2021 तक पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने जनपद एटा में निर्माणाधीन 100 शैय्या वाले मैटरनिटी विंग के निर्माण में विलम्ब न होने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही एटा के तरगंवा में राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य दिसम्बर 2020 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top