यूपी बार काउंसिल अध्यक्ष बने लखनऊ के जानकी शरण पांडेय

0
- बराबर मत मिलने पर छह-छह माह का होगा यूपी बार काउंसिल अध्यक्ष का कार्यकाल
- दूसरे छह माह के लिए मेरठ के रोहिताश्व अग्रवाल होंगे यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
 
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद लिए रविवार को हुआ चुनाव एक बार फिर टाई हो गया है। दोनों उम्मीदवारों को बराबर मत मिलने पर संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया है। लखनऊ के जानकी शरण पांडेय पहले छह माह के लिए यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष होंगे। दूसरे छह माह के लिए मेरठ के रोहिताश्व कुमार अग्रवाल अध्यक्ष की कुर्सी संभालेंगे। कानपुर के अंकज मिश्र उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। इसी प्रकार देवेंद्र मिश्र नगरहा, प्रशांत सिंह अटल, शिवकिशोर गौड़ और जय नारायण पांडेय को-चेयरमैन चुने गए हैं। 
सदस्य सचिव व निर्वाचन अधिकारी बलवंत सिंह के अनुसार अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमरेंद्र नाथ सिंह, इमरान माबूद खां व श्रीश कुमार मेहरोत्रा के नाम वापस लेने के बाद जानकी शरण पांडेय, मधुसूदन त्रिपाठी व रोहिताश्व कुमार अग्रवाल के बीच मुकाबला रह गया था। मतगणना के प्रथम चरण में जानकी शरण को 10, मधुसूदन त्रिपाठी को पांच और रोहिताश्व अग्रवाल को 11 वोट मिले थे। दूसरे चरण में मधुसूदन त्रिपाठी के पांच वोटों में से जानकी शरण को दो और रोहिताश्व अग्रवाल को एक वोट मिला, जबकि दो वोट एक्झास्ट हो गए। जानकी शरण पांडेय एवं रोहिताश्व अग्रवाल को 12-12 वोट मिलने पर आपसी सहमति से छह-छह माह के कार्यकाल के अध्यक्ष रहेंगे। पहले छह माह के लिए जानकी शरण पाण्डेय व उसके बाद शेष छह माह के लिए रोहिताश्व अग्रवाल को अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। उपाध्यक्ष पद पर राकेश पाठक के नाम वापस लेने पर अंकज मिश्र व प्रदीप कुमार सिंह के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जिसमें अंकज मिश्र को 15 व प्रदीप कुमार सिंह को 11 वोट मिले। नतीजतन, अंकज मिश्र उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। को-चेयरमैन के लिए देवेंद्र मिश्र नगरहा, प्रशांत सिंह अटल, शिव किशोर गौड़ व जय नारायण पाण्डेय निर्विरोध चुने गए। बलवंत सिंह ने बताया कि चुनाव में बार काउंसिल के सभी 25 सदस्यों के अलावा एडवोकेट जनरल राघवेंद्र सिंह ने भी मतदान किया। चुनाव में उन्हें अध्यक्ष देवेंद्र मिश्र नगरहा व हरिशंकर सिंह ने सहयोग किया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल छह जुलाई से एक वर्ष के लिए प्रभावी होगा।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top