उभ्भा कांड : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत 22 नामजद

0

  • निषेधाज्ञा उल्लंघन में 100 अज्ञात कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी दर्ज किया गया मुकदमा 

प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, भदोही

सोनभद्र जिले के उभ्भा कांड की बरसी में शामिल होने जा रहे कांग्रेसियों के साथ सरकार सख्ती से पेश आ रही है। निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 22 नामजद और सौ अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष बिना अनुमति के उभ्भा जा रहे थे। उधर, पुलिस की कार्रवाई से कांग्रेसियों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि प्रदेश सरकार तनाशाही कर रही है।
साेनभद्र जिले के उभ्भा गांव में भूमि विवाद को लेकर 17 जुलाई 2019 को हुए संघर्ष में 11 आदिवासियों की मौत हो गई थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व तीन अन्य पदाधिकारी मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जा रहे थे। उन्हें गुरुवार सुबह 11 बजे गोपीगंज में रोक लिया गया था। जैसे ही कांग्रेसियों को जानकारी हुई, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गोपीगंज पहुंच गए। हाई-वे पर बवाल न हो इसलिए पुलिस प्रदेश अध्यक्ष को सीतामढ़ी लेकर चली आई। देर शाम 6.30 बजे प्रदेश अध्यक्ष के प्रयागराज की ओर जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद वाराणसी राजेश मिश्र, पूर्व विधायक पिंडरा अजय राय सहित 22 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक संजय राय ने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर निषेधाज्ञा उल्लंघन, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने और मास्क का प्रयोग न करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी विवेचना की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top